मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना: 10वीं-12वीं के मेधावी छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 30 अगस्त तक करें पंजीयन

रायपुर, 05 अगस्त 2026.
छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना के तहत 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पात्र छात्र-छात्राएं 30 अगस्त 2026, शाम 5 बजे तक राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं.

लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के निर्देशानुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थी योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे. कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज प्रवेश को ध्यान में रखते हुए अलग लिंक उपलब्ध कराया गया है, जबकि 10वीं के विद्यार्थियों के लिए अलग पंजीयन और सत्यापन व्यवस्था की गई है.

पंजीयन के लिए विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर के साथ स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे. आवेदन का ऑनलाइन सत्यापन संबंधित स्कूल और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा. सत्यापन के बाद पात्र आवेदनों को लोक शिक्षण संचालनालय भेजा जाएगा.

जिला शिक्षा अधिकारियों ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन और सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र मेधावी विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे.