रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। विभाग की 16 टीमों ने प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ कई कारोबारी प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े परिसरों पर छापेमारी की।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में की गई। आयकर विभाग की टीमें सुबह निर्धारित ठिकानों पर पहुंचीं और वित्तीय दस्तावेजों, कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड तथा आर्थिक लेन-देन की जांच शुरू की।
कई कारोबारियों के ठिकाने जांच के दायरे में
कार्रवाई के दौरान प्रमुख कारोबारी जयप्रकाश मित्तल और बर्बरीक समूह से जुड़े परिसरों में भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई में मिली कथित अघोषित आय या कर संबंधी अनियमितताओं का आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के वास्तविक नतीजों की जानकारी सामने आ सकेगी।
