राज्योत्सव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, 1 से 3 नवंबर तक होगा आयोजन

रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 की तैयारियों की मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में समीक्षा की गई। मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने और 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों व प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस बार राज्योत्सव की थीम में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ राज्य के भविष्य और विकास को प्रमुखता दी जाएगी।

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार दिए जाएंगे। संस्कृति विभाग को आयोजन का नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है।

आयोजन के लिए सीएसआईडीसी, NRDA, लोक निर्माण विभाग, जनसंपर्क विभाग, नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें प्रदर्शनी, मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और बिजली व्यवस्था शामिल हैं।