रायपुर, 23 सितंबर 2026। कवर्धा शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाली 4 लेन सड़क और डिवाइडर निर्माण परियोजना का 24 सितंबर को भूमिपूजन होगा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव नवीन कृषि उपज मंडी परिसर, कबीरधाम में आयोजित समारोह में परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
54 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क का 4 लेन में उन्नयन और डिवाइडर निर्माण किया जाएगा। सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक बनाई जाएगी।
कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। परियोजना पूरी होने से शहर में यातायात और आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे, जिन्हें कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।
