रायपुर, 05 अगस्त 2026.
छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वाले 66 आत्मसमर्पित इनामी नक्सलियों को पुनर्वास नीति-2025 के तहत 6 करोड़ 60 लाख रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने की स्वीकृति दी है. यह सहायता उन आत्मसमर्पित नक्सलियों को दी जा रही है, जिन्हें शासकीय सेवा प्रदान नहीं की जा रही है.
राज्य की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को तत्काल आर्थिक सहायता, 36 माह तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये मानदेय तथा हथियारों या विस्फोटकों की जानकारी देने पर अलग से प्रोत्साहन और इनाम राशि का भी प्रावधान है.
स्वीकृत राशि के अनुसार बीजापुर जिले के कई आत्मसमर्पित नक्सलियों को उनकी पात्रता के आधार पर 5 लाख से 8 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हिंसा का रास्ता छोड़ने वालों को सम्मानजनक जीवन के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है.
राज्य सरकार का मानना है कि पुनर्वास नीति-2025 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और पुनर्वास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
