छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र के उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगा सम्मान, 15 सितंबर तक आवेदन

रायपुर/कांकेर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं व व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ दिए जाएंगे।

इस पुरस्कार के तहत होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म सहित 10 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11,000 की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।

पर्यटन की पूरी श्रृंखला पर फोकस

इस बार पुरस्कार योजना में पर्यटन स्थलों के साथ-साथ उनसे जुड़े आतिथ्य, संचालन, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। मूल्यांकन में सेवाओं की गुणवत्ता, नवाचार, पर्यटकों की संख्या, कारोबार, स्वच्छता, सतत पर्यटन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और रोजगार सृजन जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा।

पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियां हैं—

  • सर्वश्रेष्ठ होटल
  • सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
  • सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
  • सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
  • CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
  • CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
  • सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
  • सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
  • सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट
  • सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म

सोशल मीडिया और इको-टूरिज्म को भी मिलेगा मंच

सोशल मीडिया श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थल, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं इको-टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण संरक्षण, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसी पहलों को प्राथमिकता दी जाएगी। एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में कैंपिंग सहित साहसिक गतिविधियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने वाले संचालकों का चयन किया जाएगा।

15 सितंबर तक भेज सकते हैं आवेदन

इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपना आवेदन 15 सितंबर 2026 तक ई-मेल के माध्यम से [email protected] पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।

यह पहल छत्तीसगढ़ में पर्यटन से जुड़े व्यवसायों और स्थानीय समुदायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, रोजगार और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।