नवजात को बेचने की कोशिश , पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर बच्चे को बचाया

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है और मामले में अन्य संभावित कड़ियों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की रहने वाली एक महिला को प्रसव के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर रायपुर बुलाया गया था। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद महिला पर नवजात को सौंपने का दबाव बनाया गया।

महिला द्वारा बच्चे को देने से इनकार करने पर उसे और उसके नवजात को कथित तौर पर रोककर रखा गया।

तीन महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया है।

संभावित नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और संभावित अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।