रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था और जनजातीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। बैठक में नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपये का अनुदान देने की मंजूरी दी गई।
छोटी ग्राम पंचायतों को मिलेगा नलजल अनुदान
कैबिनेट ने ग्रामीण नलजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए नए नियमों के प्रारूप को मंजूरी दी है। इसके तहत एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री नल जल अनुदान योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए पंचायतों को प्रतिमाह कम से कम 50 प्रतिशत जल शुल्क की वसूली करनी होगी।
वहीं, वार्षिक जल शुल्क का 75 प्रतिशत से अधिक संग्रह करने वाली पंचायतों को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
अबूझमाड़ के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में मदद
नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉलेज के लिए तीन वर्षों में 40.98 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा राजनांदगांव में बाल संप्रेक्षण गृह के निर्माण और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आवंटन को भी मंजूरी दी गई है।
