20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, PM मोदी ने किया संबोधित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 19 सितंबर 2026 को आयोजित 20वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुआ और प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी किया।

रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 केंद्रों पर किया गया। नवनियुक्त अभ्यर्थी केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं देंगे। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत कई संस्थान शामिल हैं।

युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य के अनुरूप कौशल विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और अप्रेंटिसशिप जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

PM मोदी ने यह भी कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं को लगातार अपने कौशल को अपडेट करते रहना होगा। सरकार की ओर से नए कर्मचारियों के लिए Mission Karmayogi और ‘Karmayogi Prarambh’ जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया गया।

12.75 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र

PIB के अनुसार, 20वें रोजगार मेले के साथ अक्टूबर 2022 से अब तक आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों में लगभग 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

रायपुर में भी 216 युवाओं को नियुक्ति पत्र

छत्तीसगढ़ के रायपुर केंद्र में आयोजित रोजगार मेले में 216 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें 133 अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से तथा 83 को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी किए गए।