रायपुर, 1 अगस्त। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल तकनीकों के माध्यम से न्याय व्यवस्था को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से 2 अगस्त को रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा अध्यक्षता करेंगे। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, न्यायमूर्ति श्री चंद्रवंशी सहित उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, न्यायिक सेवा के अधिकारी, पुलिस एवं अभियोजन तंत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
कार्यशाला में अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली (CCTNS), डिजिटल न्यायिक समन्वय तथा नवीन आपराधिक कानूनों के तहत तकनीकी एकीकरण जैसे विषयों पर मंथन होगा। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के विशेषज्ञ तकनीकी प्रशिक्षण एवं प्रस्तुतीकरण देंगे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच डिजिटल समन्वय को मजबूत करना तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से नागरिकों को त्वरित, सुलभ और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है।
