रायपुर, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सक्ती जिले के निवासी श्री दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी श्री भूपेंद्र भैना के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने इस कायराना आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
