प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक करें नामांकन

रायपुर, 24 जुलाई 2026। असाधारण प्रतिभा, नवाचार, वीरता और सामाजिक योगदान देने वाले बच्चों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए हैं. महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चों, अभिभावकों, स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की है.

यह पुरस्कार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हों। यह देश का सर्वोच्च बाल सम्मान है, जिसे भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है.

विभाग के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है. इच्छुक बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं, जबकि अभिभावक, शिक्षण संस्थान और सामाजिक संगठन भी योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं.

सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे. महिला एवं बाल विकास विभाग ने राज्य के प्रतिभाशाली और नवाचारी बच्चों से समयसीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.