रायपुर, 24 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंछीडांड़ (केरता) में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना था.
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल अधिकार, लैंगिक समानता, वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई. साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला उत्पीड़न की रोकथाम, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह के दुष्परिणाम और बाल विवाह निषेध कानून के बारे में भी जागरूक किया गया.
शिविर में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देने के साथ नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई.
इसके अलावा छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया और सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को उपलब्ध सहायता सेवाओं से भी अवगत कराया गया. महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसे बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा की भावना मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल बताया.
