स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, राज्य सरकार ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. इस वर्ष का आयोजन विशेष रहेगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों को तैयारियों की नियमित निगरानी और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा. मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे. इस अवसर पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन अनिवार्य रहेगा. परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां शामिल होंगी.

जिला और ब्लॉक स्तर पर होंगे समारोह

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे. वहीं, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे. इन कार्यक्रमों में राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देश की एकता एवं अखंडता पर आधारित आयोजन किए जाएंगे.

शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, स्वतंत्रता दिवस पर प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे.

शासकीय भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा. इसके अलावा आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की गई है.

शिक्षण संस्थानों के लिए भी जारी हुए निर्देश

शासन ने सभी शासकीय और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति से जुड़े मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति रहेगी.