धमतरी के ठेनही गांव में सामूहिक सोलर प्लांट की शुरुआत, 71 परिवारों को मिलेगा लाभ

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के ठेनही गांव में सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में नई पहल की गई है. 142 किलोवॉट क्षमता वाले इस प्लांट से गांव के 71 परिवारों को सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध होगी. खास बात यह है कि ग्रामीणों को सोलर कनेक्शन के लिए अपनी जेब से कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी.

पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित इस प्लांट से बिजली बिल का बोझ कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. ठेनही मॉडल की सफलता के बाद अब धमतरी जिले के 55 गांवों में भी इसी तरह के सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई गई है. ग्रामीणों ने इस पहल को आत्मनिर्भरता और हरित विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया.