रायपुर, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक श्री विक्रम यादव के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके परिजनों से दूरभाष पर चर्चा की. उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके बेहतर उपचार के लिए हर संभव सहयोग करेगी और इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी फोन पर बात कर श्री यादव के उपचार की अद्यतन जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुरूप सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं.
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं. उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारत की समृद्ध परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान दिलाई है.
मुख्यमंत्री ने श्री विक्रम यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है.
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अनूठी बांस वादन शैली के लिए प्रसिद्ध श्री विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है.
