मुख्यमंत्री ने माँ के नाम लगाया पीपल का पौधा, ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान के साथ वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ

रायपुर, 05 अगस्त 2026.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नया रायपुर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर वन महोत्सव-2026 और प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की. अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए.

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपल का वृक्ष भारतीय संस्कृति में आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का प्रतीक है. उन्होंने नागरिकों से अपने घर, खेत, विद्यालय या आसपास उपलब्ध स्थान पर अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की.

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान हरित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में अब तक लगभग 7.5 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया.

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.