गरियाबंद में ई-श्रम साथी ऐप से श्रमिकों को मिलेगा सीधे रोजगार, 130 श्रमिक और 6 नियोक्ता जुड़े

रायपुर, 24 जुलाई 2026। श्रम विभाग ने गरियाबंद जिले में ई-श्रम साथी ऐप के माध्यम से श्रमिकों और ठेकेदारों को एक डिजिटल मंच पर जोड़ने की पहल शुरू की है. अब तक जिले में 130 श्रमिक और 6 नियोक्ता इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हो चुके हैं.

श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंति बंसल ने बताया कि ऐप के जरिए श्रमिक सीधे ठेकेदारों से संपर्क कर सकेंगे, जिससे बिचौलियों और फर्जीवाड़े की संभावना कम होगी. साथ ही कार्य, मजदूरी और कार्यस्थल की जानकारी पहले से उपलब्ध होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और श्रमिकों को उनके कौशल के अनुसार जल्दी रोजगार मिल सकेगा.

उन्होंने बताया कि ठेकेदारों को भी आवश्यक कौशल वाले श्रमिक आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे श्रमिकों की तलाश में समय और संसाधनों की बचत होगी.

श्रम विभाग ने जिले के पंजीकृत और अपंजीकृत श्रमिकों से ई-श्रम साथी ऐप डाउनलोड कर स्वयं पंजीकरण कराने और इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.