रायपुर में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने, राजीव भवन के बाहर हंगामा; बैरिकेड्स टूटे, पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का किया इस्तेमाल

रायपुर, 22 जुलाई। राजधानी रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के बाहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से रैली निकालकर शंकर नगर चौक की ओर बढ़ रहे थे, जबकि दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई.

स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शन के दौरान मुख्य बैरिकेड्स टूट गए, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. मौके पर धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा.

बढ़ते तनाव के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन से पानी की बौछार की तथा आंसू गैस के गोले छोड़े. इस दौरान कई कार्यकर्ताओं और कुछ पुलिसकर्मियों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई. कुछ समय तक राजीव भवन के सामने अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

घटना के बाद कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एकतरफा कार्रवाई और पक्षपात का आरोप लगाया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं की तुलना में उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ अधिक सख्ती बरती. वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक बल प्रयोग किया गया.

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर राजीव भवन और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.