12 वर्ष पूरे होने पर जनसंपर्क अभियान, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रबुद्ध नागरिकों का किया सम्मान

रायपुर, 24 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों से उनके निवास पर मुलाकात कर संवाद किया.

इस दौरान उन्होंने संगीत एवं नृत्य गुरु शरद वैष्णव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य डॉ. राजू अग्रवाल, भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता एल.पी. कटकवार, वरिष्ठ शिक्षाविद बाबूलाल चंद्रा, चित्रकार पी.एस. खोडियार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रताप खुरियार तथा कल्याणी मुखर्जी का शॉल, श्रीफल और रामचरितमानस की प्रति भेंट कर सम्मान किया.

वित्त मंत्री ने कहा कि समाज के वरिष्ठ और प्रबुद्ध नागरिकों का अनुभव व मार्गदर्शन राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं. विशेष जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाई जा रही है.

इस अवसर पर सम्मानित नागरिकों ने भी वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए देश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.