रायपुर में होम डेकोरेशन दुकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग, दमकल की दो गाड़ियां मौके पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में रविवार को आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट की एक होम डेकोरेशन दुकान की चौथी मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग से उठते काले धुएं के गुबार और ऊंची लपटों को देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

चौथी मंजिल पर रखा फर्नीचर जलकर खाक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत की चौथी मंजिल पर लगी, जहां फर्नीचर और सजावट का सामान रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से वहां रखा फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।

दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। देवेंद्र नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जानकारी में एसी के कंप्रेसर में खराबी या विस्फोट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल नुकसान का आकलन और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आना बाकी है।