बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नया Chief Justice नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने के बाद उन्होंने पदभार संभाल लिया है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शाम 4:15 बजे Chief Justice’s Court में जस्टिस कृष्ण राम महापात्र का अभिनंदन कार्यक्रम निर्धारित है। वेबसाइट पर उन्हें वर्तमान Chief Justice के रूप में दर्ज किया गया है।
8 हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद देश के आठ हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम महापात्र?
जस्टिस कृष्ण राम महापात्र ने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। उन्होंने सिविल, आपराधिक, सेवा और संवैधानिक कानून से जुड़े मामलों में लंबे समय तक वकालत की। उन्हें 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
उनके छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने के साथ प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में नेतृत्व स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
