चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर मंथन, छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण हब बनाने की तैयारी

रायपुर, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. इस दौरान फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के लेखक-निर्देशक मनोज तापड़िया और निर्माता आदि शर्मा ने टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य से मुलाकात कर चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की.

बैठक में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों, जलप्रपातों, वन क्षेत्रों और जनजातीय संस्कृति को फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ को आकर्षक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने की रणनीति पर विचार किया गया. साथ ही चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से लैस समग्र फिल्म परिसर के रूप में विकसित करने और निजी निवेश व संस्थागत सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी.

एमडी विवेक आचार्य ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी प्रदेश के फिल्म और पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी. इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे, वहीं पर्यटन, परिवहन, आतिथ्य और स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा.

बैठक में फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों और निर्माताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा छत्तीसगढ़ को उभरते हुए फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए ठोस प्रयास करने पर भी सहमति व्यक्त की गई.