छत्तीसगढ़ में यूथ कांग्रेस CM हाउस घेरने जा रही है। प्रदेश में बढ़ते अपराध और नशाखोरी के विरोध में रायपुर में बड़ा प्रदर्शन होगा। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और प्रदेश प्रभारी शेषनारायण ओझा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी कि, 23 दिसंबर को घेराव का कार्यक्रम होगा। जबकि 24 दिसंबर को बिलासपुर में नशे के खिलाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शन के लिए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब रायपुर आएंगे। जबकि प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता भी प्रदर्शन में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी होगी। आकाश शर्मा ने बताया कि, गांधी मैदान में सुबह 11 बजे पहले सभा होगी और फिर कांग्रेसी सीएम हाउस घेराव के लिए निकलेंगे। सरकार में अपराधियों की मौज- शेषनारायण ओझा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि, धान खरीदी में अव्यवस्था है। सरकार के 1 साल के विफल कार्यकाल में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और आम जनता बदहाल है। हर जगह महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। रायपुर में चाकूबाजी की घटना आम हो गई है। शेषनारायण ओझा ने कहा कि, सरकार किसानों और युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। शिक्षकों की भर्ती के झूठे वादे किए गए। प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। जिससे लोग डरे सहमे हैं। अपराधियों के हौसले बढ़े हुए है। कस्टोडियल डेथ भी हुए हैं। आम लोग परेशान है, तो वहीं अपराधियों की मौज है। प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालय में सौंपा गया ज्ञापन घेराव से पहले यूथ कांग्रेसियों ने 16 दिसंबर को पूरे प्रदेश में धान खरीदी में अव्यवस्था, खराब कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध, आवास और रोजगार समेत कई मुद्दों को लेकर प्रदेश के सभी तहसील और जिलों में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था।