राजधानी में दिन और रात का पारा सामान्य से अधिक पहुंच गया है। इससे ठंड थोड़ी कम हो गई है। शुक्रवार से आसमान में छाए बादल छंटने लगेंगे। इससे रात के न्यूनतम पारे में कमी आएगी। इससे अगले 24 घंटों के दौरान ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब ठिठुराने वाली ठंड पड़ने के आसार नहीं है। पारा कम जरूर होगा लेकिन उतार चढ़ाव जारी रहेगा और रात का न्यूनतम पारा 10 डिग्री तक नहीं पहुंचेगा। राजधानी में इस सीजन में सबसे ज्यादा ठंड 12-13 दिसंबर को पड़ी थी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आस-पास पहुंच गया था। इससे यहां शीत लहर के हालात थे। प्रदेश में भी उसी दौरान कई जगह शीत लहर चली थी। अब राजधानी में रात का तापमान 14 डिग्री के आस-पास तक ही पहुंचेगा। यानी ज्यादा ठंड नहीं पड़ेगी। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अभी पाकिस्तान में एक सिस्टम बना हुआ है। इसके असर से ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचलन हरियाणा के ऊपर स्थित है। इस सिस्टम की वजह से हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई है। इससे उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रवाह बंद हो गया है। शुक्रवार से सिस्टम का असर कम होने से हवा में नमी खत्म होगी और उत्तरी हवाएं आएंगी। इससे सुबह और रात को ठंड बढ़ेगी। तीन चार दिन उसी तरह के हालात रहेंगे। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। प्रदेशभर में लगभग यही स्थिति रहेगी।