भास्कर न्यूज | अंबिकापुर गणतंत्र दिवस के मौके पर दूरदर्शन कॉलोनी स्थित 62वीं बटालियन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुख्यालय में सभी अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में कमांडेंट प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में 76 वें गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यकम की शुरुआत करते हुए प्रमोद कुमार सिंह ने देश के लिए कर्तव्य वेदी पर न्योछावर हुए 62वीं बटालियन के 84 शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कमांडेंट ने बटालियन के क्वार्टर गार्ड में ध्वजारोहण कर सलामी ली। उपस्थित सभी अधिकारी और जवानों ने राष्ट्रगान गाया। कमांडेंट 62 बटालियन ने गणतंत्र दिवस की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने यह भी बताया कि सन् 1947 में अंग्रेजों से मिली आजादी के बाद इस देश में संविधान सभा में डॉ. बाबा भीमराव अम्बेडकर की अध्यक्षता में बनाई गई समिति ने भारत के संविधान का प्रारूप तैयार किया। भारत के संविधान को 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने अपनाया और 26 जनवरी 1950 को एक लोकतांत्रिक सरकार प्रणाली के साथ इसे लागू किया था। उसी दिन से आज के दिन 26 जनवरी को प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है, लेकिन कुछ विघटनकारी तत्व जो लोकतंत्र में आस्था नहीं रखते हैं, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को इन्हीं विघटनकारी तत्वों से निपटने आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेवारी दी गई है। ऐसे में हमारा कर्तव्य एक पुलिस बल के सदस्य होने के नाते और भी बढ़ जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में जवानों के साथ अधिकारी मौजूद रहे।