बिलासपुर में उत्तरी हवाओं के असर से रात का पारा दो डिग्री गिर गया है। इसके चलते रात में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा। इधर, मौसम विभाग का कहना है कि ठंडी हवाओं का आना बंद हो गया है। जिससे अब धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि का दौर शुरू होगा। जिले में मौसम में बदलाव का दौर फिर शुरू हो गया है। उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं के असर से पिछले 3 तक ठंड का असर देखने को मिला। लेकिन, अब ठंडी हवाओं का आगमन बंद हो रहा है। इस कारण अब दिन के साथ ही रात के तापमान में वृद्धि का दौर शुरू होगा। हालांकि दिन के तापमान में अभी एकाएक वृद्धि की संभावना कम है। फिलहाल शहर में ठंड का असर बना हुआ है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। मंगलवार को बिलासपुर में दिनभर मौसम शुष्क रहा। दिन में धूप का असर थोड़ा तेज रहा। वातावरण में नमी के कारण इसका बहुत अधिक असर नहीं हुआ। शाम को भी ठंड का असर बना हुआ था। इस कारण लोग घर और बाहर गर्म कपड़ों में नजर आए। ठंड लौटने के बाद गर्मी से मिली राहत पिछले तीन-चार दिनों से मौसम में तेजी से बदलाव दिख रहा था। जिसके चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। वहीं, ठंड का असर भी धीरे-धीरे कम हो रहा था और गर्मी महसूस होने लगी थी। लेकिन, उत्तरी हवाओं के असर से ठंड लौट आई है। दोपहर में गर्मी से राहत महसूस होने लगी है। एक फरवरी तक बढ़ेगा तापमान मौसम वेधशाला के वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन बंद हो रहा है। इसके कारण बिलासपुर समेत प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। प्रदेश में 28 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक फरवरी तक न्यूनतम तापमान में करीब तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इस बीच 30 जनवरी से आसमान में हल्के बादल भी नजर आएंगे। मौसम में इस उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का असर कम रहेगा।