भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले के अंतिम छोर में बसे ग्राम हांदावाड़ा के जंगल में भालू ने ग्रामीणों घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार वंजाराम घर की बाड़ी बनाने के लिए बांस लाने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान वंजाराम नेताम पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बंजाराम का बेटे दीपेंद्र नेताम ने अपने पिता को बचाने भालू पर डंडे से हमला किया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल संजीवनी 108 को जानकारी दी। संजीवनी 108 एंबुलेंस के ईएमटी भुवनेश्वरी मंडल और पायलट अब्दुल शब्बीर हांदावाड़ा के लिए निकले। संजीवनी 108 की टीम जब मौके पर पहुंची तो वंजाराम नेताम भालू के हमले से बुरी तरह घायल पड़ा हुआ था। ईएमटी भुवनेश्वरी मंडल ने एंबुलेंस 108 में प्राथमिक उपचार करते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया और दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में एडमिट करा दिया। जहां घायल का आगे का उपचार जारी है। इस घटना से आसपास के ग्राम के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।