बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दुर्ग आरपीएफ ने जिस संदेही आकाश कन्नौजिया को हिरासत में लिया था वो गलत कार्रवाई का शिकार हो गया। मुंबई पुलिस की गिरफ्त से छूटने के बाद जब वो अपने घर पहुंचा तो वहां उसे नौकरी से निकाल दिया गया। और तो और जहां उसकी शादी हुई थी वो भी टूट गई है। आकाश की नानी का कहना है कि उसने अपने पोते के लिए लड़की देखी थी। शादी तय हो गई थी। उसे गलत तरीके से आरोपी बनाया गया। इसके बाद उस निर्दोश की जिंदगी बर्बाद हो गई है। लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ दिया है। परिजनों का कहना है कि तुम्हारा बेटा खतरनाक है, इसलिए वो अपनी लड़की उन्हें नहीं देंगे। आकाश की नौकरी भी छूट गई। जिस कंपनी में वो काम करता था वहां से उसे निकाल दिया गया। रेलवे पुलिस की एक गलती की वजह से उसकी जिंदगी खराब हो गई है। नानी का कहना है कि जिस आरपीएफ ने उसे पकड़ा है अब वहीं उसकी जिंदगी बनाए। इधर आरपीएफ और मुंबई पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि वो एक रूटी जांच प्रक्रिया है। संदेही कभी आरोपी नहीं होता है। उन्होंंने आकाश को आरोपी नहीं बनाया, ना उसे गिरफ्तार किया था। एक छोटी सी पूछताछ के लिए रोका था। मुंबई पुलिस की भेजी फोटो के आधार पर लिया गया था हिरासत में मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में संदेही का एक फोटो दुर्ग आरपीएफ को भेजा था। मुंबई पुलिस ने ये तक बताया था कि संदेही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से भागा है। दुर्ग रेलवे स्टेशन में शनिवार 18 जनवरी की दोपहर 1.30 बजे जैसे ही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पहुंची आरपीएफ ने ट्रेन की हर एक बोगी की चेकिंग की। इस दौरान आरपीएफ मुंबई पुलिस द्वारा भेटे गए फोटा का मिलान भी करती जा रही थी। आरपीएफ ने जनरल बोगी से एक युवक को फोटो से मिलानकर हिरासत में लिया। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आकाश कैलाश कन्नौजिया बताया। उसने पुलिस को बताया कि वो मुंबई के कोलाबा का रहने वाला है और चांपा में अपने किसी रश्तेदार के पास जा रहा था। रातभर पूछताछ के बाद अगले दिन सुबह छोड़ा मुंबई पुलिस भी आकाश से पूछताछ के लिए दुर्ग पहुंची। पुलिस ने देर रात तक उससे पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने कहा कि वो आरोपी नहीं है। अगले दिन पुलिस ने उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। पुलिस आकाश को छोड़कर चली गई, लेकिन अब उसका दंश झेलना पड़ रहा है। क्या है पूरा मामला मुंबई में एक्टर सैफ अली खान पर बुधवार देर रात उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। घटना मुंबई के खार स्थित गुरु शरण अपार्टमेंट के 12वें फ्लोर पर बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे हुई। इस हमले में एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। हमले में चाकू का टुकड़ा पीठ पर भी फंसा था। घायल सैफ को रात में ही लीलावती हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। सैफ बेटे तैमूर के साथ अस्पताल में पैदल दाखिल हुए थे लीलावती अस्पताल के डॉ. नितिन डांगे ने बताया, “सैफ अपने बेटे तैमूर के साथ अस्पताल के भीतर पैदल आए थे। उनके हाथ पर दो घाव थे। एक घाव गर्दन पर भी था जिसकी प्लास्टिक सर्जरी हुई है। स्पाइन के पास से फंसा चाकू का टुकड़ा ऑपरेशन से निकाला गया है। सैफ को इन्फेक्शन से बचाने के लिए डॉक्टर्स ने विजिटर्स पर रोक लगा दी है। डॉक्टर ने बेड रेस्ट की सलाह दी है। उम्मीद है कि एक हफ्ते में रिकवरी हो जाएगी। मेड ने बताया- हमलावर ने एक करोड़ रुपए मांगे थे यह घटना सैफ-करीना के बच्चों तैमूर-जेह के कमरे की बताई जा रही है, जहां बच्चों की देखभाल करने वाली मेड (नैनी) अरियामा फिलिप उर्फ लीमा मौजूद थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे बाथरूम के पास एक परछाई नजर आई थी। उसे लगा कि करीना शायद अपने छोटे बेटे को देखने आई होंगी, लेकिन तभी एक व्यक्ति दिखा, जिसने उसे धमकाया और एक करोड़ रुपए की मांग की। हमलावर को देखकर मेड चीखी। आवाज सुनकर सैफ अली खान बच्चों के कमरे में पहुंचे। सैफ को देखते ही अज्ञात शख्स ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी और सैफ के बीच हाथापाई हुई। इस बीच दूसरी मेड भी आ गई।