बलरामपुर जिले में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। मंत्री राजवाड़े ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक गुब्बारे और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर आकाश में छोड़े। समारोह में पुलिस बल और नगर सेना की टुकड़ियों ने रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन और हिम्मत सिंह शेखावत के नेतृत्व में शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई थीम आधारित झांकियां रहीं। शिक्षा विभाग ने जाबो कार्यक्रम, यातायात विभाग ने सड़क सुरक्षा अभियान, और महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल विवाह मुक्त बलरामपुर का संदेश दिया। वन विभाग ने जैव विविधता संरक्षण पर जोर दिया, जबकि आदिवासी विभाग ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और नृत्यों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया। समारोह में मंत्री राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश भी पढ़ा। कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य और जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपनी आकर्षक झांकियों से समारोह की शोभा बढ़ाई।