कांकेर जिले में चारामा नगर पंचायत चुनाव में टिकट वितरण के बाद दोनों प्रमुख दलों में बगावत की स्थिति बन गई है। भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों और पार्षद प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने प्यारे लाल देवांगन और कांग्रेस ने भुवनेश्वर नागराज को मैदान में उतारा है। टिकट वितरण में नाराजगी का असर यह हुआ कि भाजपा के पूर्व पार्षद नंद किशोर गौतम, समेत कई दिग्गजों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वार्ड क्रमांक 6 के पूर्व पार्षद संतोष सोनकर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने भानुप्रतापपुर विधायिका सावित्री मंडावी की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ली। यह वही सोनकर हैं जो पहले कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा में गए थे और दो बार पार्षद रहे। बता दें कि, 28 जनवरी तक कुल 39 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं, जिनमें 9 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। भाजपा ने 25 जनवरी को और कांग्रेस ने 27 जनवरी को अपने पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। अध्यक्ष पद के लिए केवल भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार ही मैदान में हैं।