बिलासपुर में भाजपा की मेयर प्रत्याशी पूजा विधानी का कहना है कि मुझे भरोसा नहीं था कि महापौर के लिए मेरा नाम फाइनल होगा। यहां गैर-छत्तीसगढ़िया कोई मुद्दा नहीं है। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, जिसकी मदद से आने वाले पांच साल में शहर का विकास करना है। निगम के हर वार्ड में वर्किंग महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। पूजा विधानी का राजनीतिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सदस्य और राष्ट्रीय भाजपा में सक्रिय हैं। इससे पहले वे बिलासपुर नगर निगम की पार्षद और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। मेयर प्रत्याशी बनाए जाने के बाद दैनिक भास्कर से उन्होंने खास बात की, पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सवाल: इस चुनाव में क्या प्राथमिकताएं रहेंगी। जवाब: बिलासपुर के विकास की बात करें तो पिछले पांच साल कांग्रेस के कार्यकाल में ठप रहा, कोई काम नहीं हुआ, जमीन का जमकर बंदरबांट किया गया है, उसकी जांच कराई जाएगी। वर्किंग महिलाओं के हर वार्ड में शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। शहर के विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा। सवाल: मेयर के लिए दर्जन भर नाम थे, बाकी नेताओं का क्या होगा।
जवाब: चुनाव के समय में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं में उम्मीद रहती है कि चुनाव में मौका मिले। यही वजह है कि हर कोई अपना दावा करते हैं। प्रत्याशी तय होने के बाद सभी मिलकर एकजुटता से काम करते हैं। सवाल: पार्टी ने आपका नाम किस आधार पर चुना।
जवाब: ये तो पार्टी के नेता ही बताएंगे कि मुझे क्यों चुना गया। नेताओं से पूछिए, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे महापौर का प्रत्याशी बनाया जाएगा। मुझमें क्या क्वॉलिटी है और क्यों उम्मीदवार बनाया। सवाल: कांग्रेस का आरोप रहा है भाजपा में गैर-छत्तीसगढ़िया को बढ़ावा दिया जाता है।
जवाब: कांग्रेस केवल आरोप लगाती है। ऐसा कुछ नहीं है, बिलासपुर छोटा हिंदुस्तान है। यहां सभी वर्ग के लोग रहते हैं और हम भी छत्तीसगढ़ से हैं। यहां पढ़ाई और कर्मभूमि है। यह कोई मुद्दा नहीं है। मुद्दा विकास का रहेगा। केंद्र में मोदी और प्रदेश में विष्णुदेव साय की सरकार की योजनाओं से लोग खुश हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में जो लोग परेशान हुए, उन्हें आस है कि नया प्रतिनिधि आए और विकास को गति मिले। सवाल: चुनाव में किस तरह की चुनौतियां रहेंगी।
हम ओवरकांफिडेंट नहीं है। हमारे कार्यकर्ता लगातार मैदानी इलाकों में काम कर रहे हैं। जनता के बीच में जाकर काम करते हैं। जिसका फायदा मिलेगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा निगम चुनाव में मिलेगा। सवाल: नए वार्डों की समस्याओं पर क्या कहेंगी।
जवाब: पांच साल पहले ग्राम पंचायतों को निगम के वार्ड में शामिल किया गया था। लेकिन, पांच साल में उन इलाकों के विकास को नजरअंदाज कर दिया गया। लोग केवल टैक्स जमा कर रहे थे। लेकिन, कोई काम नहीं हुआ। आने वाले समय में क्षेत्र के विधायकों की मदद से मिलकर नए वार्ड के विकास की दिशा में काम करेंगे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *