कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली और महत्वपूर्ण संबोधन दिया। सांसद महराज ने अपने संबोधन में भारतीय गणतंत्र की मजबूती और लोकतांत्रिक परंपराओं की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में माओवाद के खिलाफ सरकार की सफलताओं का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में 260 से अधिक नक्सलियों का सफाया किया गया है। इससे बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। छत्तीसगढ़ के भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के रजत जयंती वर्ष में विकसित छत्तीसगढ़ का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। वर्ष 2047 तक, जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तब तक छत्तीसगढ़ को एक विकसित और सशक्त राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद ने संविधान की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए इसे मानवता और समानता का प्रतीक बताया। उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के योगदान और छत्तीसगढ़ के महापुरुषों के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस अमूल्य धरोहर को संरक्षित करें और आने वाली पीढ़ियों को इसका महत्व समझाएं। सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखकर पारदर्शिता का परिचय दिया है। शुभ संकल्प, सच्चाई, ईमानदारी और पुरखों की परंपरा है
उन्होंने कहा कि हमारे पास शुभ संकल्प है। सच्चाई है। ईमानदारी है और पुरखों की परंपरा से आई शक्ति है। हम आप सभी के सहयोग से आगे बढ़ेंगे और हर बाधा को पार कर एक उज्ज्वल सशक्त विकसित छत्तीसगढ़ के अपने सपने को मूर्त रूप देंगे। अंत में उन्होंने अथर्ववेद का मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कृतं में दक्षिणे हस्ते जयो मे सव्य आहितः। कार्य का शुभ संकल्प मन में हो तो सफलता जरूर मिलती है। विधायक गोमती साय ने फहराया तिरंगा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के आमाखेरवा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव की विधायक गोमती साय ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने शांति और समृद्धि का प्रतीक बनने के लिए हरे, सफेद और केसरिया रंग के गुब्बारे तथा सफेद कबूतर आसमान में उड़ाए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर गोमती साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके जनजीवन पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों का विस्तार से उल्लेख था। उन्होंने सभी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *