कांकेर विधायक आशाराम नेताम की पत्नी सुरेखा नेताम ने जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। वे क्षेत्र क्रमांक 1 से चुनाव लड़ेंगी। नामांकन फॉर्म लेने कलेक्टोरेट पहुंचीं सुरेखा ने कहा कि पहले वे ग्राम पंचायत बेवरती की सरपंच रह चुकी हैं। मीडिया से बातचीत में सुरेखा नेताम ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार से चर्चा कर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। सभी का सहयोग मिल रहा है। वे विधायक के निजी सहायक बलराम साहू के साथ फॉर्म लेने आई थीं। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने के समय विधायक और कार्यकर्ताओं के साथ पूरी तैयारी के साथ आएंगी। चुनाव प्रचार में भी सभी का सहयोग लेंगी। जीत के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पेश करेंगी दावेदारी सुरेखा ने आगे कहा कि अब तक वे अपने पंचायत क्षेत्र तक ही सीमित थीं, लेकिन अब क्षेत्र क्रमांक 1 के सभी गांवों में जाकर प्रचार करेंगी। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मदद से बड़ी जीत हासिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर चुनाव जीतने के बाद मौका मिला तो जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भी दावेदारी पेश करेंगी। जनता की समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।