सरगुजा जिले के ग्राम जयपुर में आठ माह की गर्भवती युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती बीती रात 8 बजे घर से गांव में जाना बताना बताकर निकली थी। सुबह उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मिला है। उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। युवती का करीब एक वर्ष से युवक से प्रेम संबंध था। एक माह पूर्व ही उन्होंने मंदिर में शादी कर कोर्ट में विवाह रजिस्ट्रेशन का शपथपत्र बनवाया था। घटना दरिमा थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, दरिमा थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जयपुर निवासी अनिला सिंह (22) 8 माह की गर्भवती थी। बीती शाम करीब 8 बजे वह घर से गांव में किसी के घर घूमने जाना बताकर निकली थी। रात 10 बजे तक वह नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे फोन किया। अनिला सिंह ने बताया कि वह कुछ देर में आ रही है। वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसिव्ह नहीं किया। रात ज्यादा हो जाने के कारण परिजन ज्यादा खोजबीन नहीं कर सके। घर से कुछ दूर खेत में पड़ा मिला शव
गुरूवार सुबह अनिला सिंह का शव उसके घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। सूचना पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची। शव में कोई चोट के निशान नहीं मिले। अंबिकापुर से फारेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कराया गया। फारेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत ने बताया कि युवती के शव पर चोट के निशान नहीं है। मौके पर संघर्ष के सबूत भी नहीं मिले हैं। हाथ एवं पैर में कीचड़ जरूर लगा मिला। गला दबाने का भी कोई बाहरी निशान नहीं है। पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। एक माह पूर्व मंदिर में किया था विवाह
अनिला सिंह का प्रेम संबंध एक वर्ष से प्रतापपुर, जिला सूरजपुर अंतर्गत ग्राम सेमरिया निवासी अनिल गोंड़ (19) से था। दोनों लिव इन रिलेशन में भी रहे। इस दौरान अनिला सिंह प्रेगनेंट हो गई। 15 दिसंबर 2024 को दोनों ने ग्राम सकलपुर के शिवमंदिर में प्रेम विवाह कर लिया। अंबिकापुर के जिला न्यायालय में 19 दिसंबर 2024 को दोनों ने मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए शपथ पत्र भी तैयार किया था। इसके बाद दोनों अनिला के घर जयपुर में रह रहे थे। अवैध संबंध के शक पर हुआ था विवाद
अनिला एवं अनिल सिंह ने प्रेम विवाह जरूर किया था, लेकिन उसे शक था कि अनिला का प्रेम संबंध किसी अन्य युवक से है। अनिला प्रेगनेंट हुई तो उसके बच्चे को भी अनिल दूसरे का बच्चा बताता था। विवाद होने पर अनिला सिंह ने दरिमा थाने में शिकायत की थी। थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद अनिल सिंह अपने घर सेमरिया चला गया था। प्रथम दृष्टया मौत संदिग्ध, हत्या की आशंका
अनिला सिंह के रिश्तेदारों ने बताया कि वह पूरी तरह से स्वस्थ थी। उसकी हत्या की गई है। दरिमा पुलिस भी मौत को संदिग्ध मान रही है। सरगुजा एएसपी ने कहा कि युवती के मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
