छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 76 वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश के डिप्टी CM अरूण साव ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में था। इस दौरान डिप्टी CM ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों का जिक्र किया। इसके बाद शांति के प्रतिक कबूतर व तीन रंग के गुब्बारे को आसमान पर छोड़ा गया। जिसके बाद पुलिस जवानों ने हर्ष फायरिंग की। डिप्टी CM अरूण साव ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस बल, होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स व स्काउट गाईड्स की टुकडियों के द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
26 जनवरी के अवसर पर शहर के कई स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों में शानदार प्रस्तुति दी। बच्चे आकर्षक वेशभूषा में आए हुए थे और उनकी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति को देख कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कई विभागों ने झांकी का किया प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शासकीय विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें झांकी प्रदर्शन में जिला पंचायत, उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान रायगढ़, स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभागों ने आकर्षक झांकिया निकाली। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
