रायगढ़ में भाजपा और कांग्रेस ने महापौर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने एक बड़ा दांव खेलते हुए चायवाले को मेयर कैंडिडेट बनाया है। जीव वर्धन चौहान, जो 7वीं पास हैं और चाय-पान की दुकान चलाते हैं। वहीं छुईखदान नगर पंचायत में टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी की ही पूर्व पार्षद का दर्द छलका है। शैव्या वैष्णव रोते हुए एक वीडियो जारी कर पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पहले बात करते हैं रायगढ़ से बीजेपी के मेयर प्रत्याशी जीव वर्धन चौहान की। रेलवे काॅलोनी के पास सोनकर पारा में रहने वाले जीव वर्धन चौहान विश्वासगढ़ चर्च के पास ओवरब्रिज के ठीक नीचे दुकान लगाते हैं। उन्हें दुकान चलाते करीब 27 साल हो चुके हैं। जीव वर्धन की जिंदगी में रविवार को एक नया मोड़ आया, जब भाजपा ने उन्हें महापौर पद के लिए प्रत्याशी चुना। मेयर कैंडिडेट की घोषणा के बाद बदली दिनचर्या जबकि इस पद के लिए दावेदारों की लंबी लिस्ट थी, लेकिन अचानक जीव वर्धन चौहान का नाम सामने आने से अब उनकी दिनचर्या ही बदल चुकी है। सुबह उठने के बाद चाय की दुकान नहीं बल्कि आम जनता से मिलने का सिलसिला शुरू हो रहा है। दैनिक भास्कर की टीम से उन्होंने खास बातचीत की। जीव वर्धन चौहान पत्नी और 4 बेटियों के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से पार्टी और संघ से जुड़े हुए हैं। चौहान का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो जाएगा। उन्हें महापौर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। उनकी चाय की दुकान में ग्राहकों के अलावा वरिष्ठ नेता और अन्य कार्यकर्ता भी कभी-कभार आते रहते हैं। उन्होंने बताया कि महापौर पद के लिए उनका नाम सामने आने के बाद घर का माहौल पूरी तरह बदल चुका है और सभी काफी उत्साहित हैं। ऐसे हुई राजनीति की शुरुआत ​​​​​जीव वर्धन चौहान ने 1996 में भाजपा में सदस्यता ली थी। इसके बाद 1998 में पार्षद बने। साल 2004 में भाजयुमो नगर कार्यकारिणी में रहे। 2005 में भाजयुमो नगर मंत्री बने। भाजयुमो में ही नगर मंत्री, नगर उपाध्यक्ष उसके बाद नगर अध्यक्ष का भी पद संभाला है। इसके अलावा साल 2010 में नगर निगम में एल्डरमेन बनाए गए थे। वर्तमान में जीव वर्धन चौहान प्रदेश मंत्री अजा मोर्चा, जिला भाजपा कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा प्रभारी जिला जशपुर, 2023 से 2024 तक विधानसभा और लोकसभा में शक्ति केन्द्र प्रभारी हैं। छुईखदान में पैराशूट प्रत्याशी उतारने का आरोप छुईखदान की बात करें तो शैव्या वैष्णव ने कहा भाजपा ने प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख की बेटी शीतल जैन को टिकट दिया है। उन्होंने वीडियो में पैराशूट प्रत्याशी उतारने की बात कही है। उनका कहना है कि इस नाम की कोई चर्चा नहीं थी। पार्टी के लिए दिन-रात काम किया – शैव्या वीडियो में शैव्या वैष्णव ने कहा कि राजनीति में महिलाओं के लिए आगे बढ़ना बहुत मुश्किल है। उन्होंने अपने परिवार और बच्चों की परवाह किए बिना पार्टी के लिए दिन-रात काम किया, लेकिन उनकी मेहनत का कोई मूल्य नहीं समझा गया।​​​​​​ भाजपा पर परिवारवाद का आरोप शैव्या ने पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि टिकट उन महिलाओं को दिया गया है, जिनके पीछे बड़े नेताओं और परिवार का समर्थन है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का उद्देश्य मेहनती और सक्षम महिलाओं को आगे बढ़ाना था, लेकिन वास्तविकता में ऐसा नहीं हो रहा है। शैव्या वैष्णव के बारे में जानिए पिछले 15 सालों से पार्टी में शैव्या कई दायित्वों में रही है। उनकी सक्रियता के कारण उन्हें पिछले निकाय चुनाव में टिकट मिला था, जिसके बाद से अब तक वर्तमान में वह पार्षद रही है। इसके साथ ही पूर्व जिला महिला मोर्चा की मंत्री है, RSS की महिला विंग राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी हुई। इस चुनाव में भी वे प्रबल दावेदार थी। ……………………………………………………………. छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव…कांग्रेस-बीजेपी के 10 मेयर कैंडिडेट की प्रोफाइल: रायपुर में दीप्ति-मीनल आमने सामने, दुर्ग में अलका-प्रेमलता, बिलासपुर में प्रमोद-पूजा के बीच मुकाबला छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों के मेयर प्रत्याशियों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने 4 और भाजपा ने 5 महिलाओं को मौका दिया है। इनमें 4 प्रत्याशी 12वीं तो 9वीं और 7वीं पास 2 कैंडिडेट शामिल हैं। रायपुर में कांग्रेस की दीप्ति दुबे और भाजपा की मीनल चौबे आमने-सामने हैं। दुर्ग में भाजपा की अलका बाघमारे और कांग्रेस की प्रेमलता साहू के बीच मुकाबला है। पढ़ें पूरी खबर

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *