छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव है। इसके लिए कांग्रेस और बीजेपी इन दोनों ही पार्टियों ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। इस बार कई जगहों में चुनाव बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। इनमें से एक धमतरी नगर निगम भी है। यहां भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच रोचक मुकाबला होने वाला है। यहां कांग्रेस ने पार्टी जिला महामंत्री विजय गोलछा पर भरोसा जताकर उन्हें मैदान में उतारा है तो इस बार बीजेपी ने प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू मेहरा पर बड़ा दांव खेला है। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी जगदीश रामू रोहरा ने अपने 40 समर्थकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नामांकन फॉर्म खरीदा। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने विकास को अपना मुख्य मुद्दा बताया है। इस चुनाव में भाजपा के प्रदेश महामंत्री और कांग्रेस के जिला महामंत्री के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा के घर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है, जहां उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं और मिठाइयां बांटी जा रही हैं। नगर निगम में चुनावी सरगर्मियों के चलते गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है। दोनों दल अपनी-अपनी जीत को लेकर दावा करते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने जनता से किया धोखा
भाजपा के महापौर प्रत्याशी जगदीश रामू रोहरा ने डिजिटल भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि वे चुनाव में जनता के बीच विकास के मुद्दे को लेकर जाएंगे। कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों से नगर निगम में कांग्रेस की सरकार थी। इस दौरान जनता के साथ धोखा हुआ, विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ, सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ। जगदीश रामू रोहरा ने कांग्रेस से सवाल किया कि अगर उन्होंने एक भी काम किया हो तो उसे जनता को बताएं। उनका मानना है कि सिर्फ भाजपा ही विकास कर सकती है। विपक्षी पार्टी की चुनौती पर उन्होंने कहा कि जनता ने ठान लिया है कि अब विकास चाहिए। उनके लिए कांग्रेस कोई चुनौती नहीं है, असली चुनौती विकास की है, जिसे वे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मूलभूत सुविधाओं का विकास करना है, जो पिछले 5 वर्षों में अधूरा रह गया। शहर का विकास मुख्य उद्देश्य
कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार विजय गोलछा ने कहा कि वे पिछले 45 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए हैं, और इसी विश्वास के साथ पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है। विजय गोलचा ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर का विकास करना है, और वे सड़कों पर जनता के बीच हमेशा नजर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे 1998 से 2003 तक पार्षद रहे हैं और इसके अलावा सकल जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ के अध्यक्ष हैं। विजय गोलछा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उस पर खरा उतरूंगा और शहर की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करूंगा। चुनाव में सभी को चुनौती का सामना करना पड़ता है, लेकिन मैं अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए बिलासपुर में पूजा और प्रमोद के बीच होगा मुकाबला:मेयर के लिए भाजपा ने विधानी और कांग्रेस ने नायक को बनाया प्रत्याशी भाजपा ने बिलासपुर में मेयर सहित सभी निकाय के अध्यक्ष और वार्ड प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। वहीं मेयर पद के लिए कांग्रेस नेता प्रमोद नायक का नाम तय कर लिया गया है। ऐसे में अब बिलासपुर में पूजा विधानी और प्रमोद नायक आमने-सामने होंगे। पढ़ें पूरी खबर…
