छत्तीसगढ़ के चिरमिरी नगर निगम में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। चिरमिरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलदेव दास ने मंगलवार को महापौर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। पार्टी के लिए चिंता की बात यह है कि बलदेव दास के अलावा पूर्व पार्षद बबीता सिंह और प्रेम शंकर सोनी भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। इस तरह कांग्रेस के कुल 3 बागी नेता महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के लिए स्थिति और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि महापौर पद के लिए पार्टी प्रत्याशी की घोषणा के बाद आंतरिक कलह बढ़ गई है। एक दिन पहले ही पार्टी के 9 प्रमुख नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया और चुनाव प्रचार से खुद को अलग करने की घोषणा कर दी। यह घटनाक्रम स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है।