छात्राएं उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी आगे आएं। उच्च शिक्षा और शोध की गुणवत्ता में सुधार आए। इसको लेकर बिलासा गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसआर कमलेश ने डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नॉलॉजी के पास प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्ताव भेजा था। ऐसे में छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर के रूप में शासकीय बिलासा गर्ल्स कॉलेज को डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नॉलॉजी (डीएसटी) ने कंसोलिडेटेशन ऑफ यूनिवर्सिटी रिसर्च फॉर इनोवेशन एंड एक्सीलेंस (सीयूआरआईई) के तहत विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान करने, अधोसंरचना के विकास के लिए 89 लाख रुपए का अनुदान दिया है। अनुदान प्रस्ताव का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. एसआर कमलेश ने किया। सह अन्वेषक डॉ. किरण ठाकुर हैं। कंसोलिडेटेशन ऑफ यूनिवर्सिटी रिसर्च फॉर इनोवेशन एंड एक्सीलेंस परियोजना के तहत वित्तीय सहायता का उद्देश्य विशेष रूप से महिला संस्थानों को अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करना है। इसके अलावा आवश्यक संसाधन और समर्थन प्रदान करना है। यह अनुदान संस्थान को अपने अनुसंधान ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ महिला शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करने और बिलासपुर क्षेत्र के अनुसंधान कार्यों को बढ़ावा देने में सहायक होगा। इस अवसर पर अन्य प्रमुख विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों, महिला वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भी इस परियोजना के महत्व और उसके संभावित प्रभाव के बारे में सकारात्मक विचार व्यक्त किए। अनुदान से संस्थान को उच्च गुणवत्ता वाली प्रयोगशाला, उपकरणों और शोध परियोजनाओं के लिए आवश्यक संसाधन मिलेगा। इससे महिला शोधकर्ताओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। वैज्ञानिक समुदाय में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त यह अनुदान देशभर में महिला वैज्ञानिकों को प्रेरित करने के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा।