बालोद जिले की गुंडरदेही नगर पंचायत में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा ने जहां प्रमोद जैन को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर अपनी रणनीति को आगे बढ़ा दिया है, वहीं कांग्रेस अभी तक अपने उम्मीदवार की तलाश में जुटी है। भाजपा प्रत्याशी प्रमोद जैन ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि गुंडरदेही को एक आदर्श स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भले ही गुंडरदेही एक छोटा शहर है, लेकिन यहां डिजिटलीकरण और आधुनिक सुविधाओं के साथ एक व्यवस्थित विकास की योजना है। ट्रिपल इंजन सरकार से गुंडरदेही में विकाय कार्यों में तेजी का दावा जैन ने ट्रिपल इंजन सरकार की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस शासन के दौरान नगर पंचायत का विकास पीछे चला गया। उनका दावा है कि केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी भाजपा का नेतृत्व जरूरी है। कौन हैं प्रमोद जैन प्रमोद जैन भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। पूर्व में जिला महामंत्री का दायित्व निभा चुके हैं और इस बार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने दावेदारी पेश की थी और पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष पद के लिए योग्य उम्मीदवार मानकर मैदान में उतारा है। स्पष्ट रूप से भाजपा अब निचले स्तर पर संगठन और सत्ता का तालमेल बनाकर चलना चाह रही है। बीती रात से घोषणा के बाद से ही शहर में पटाखे फूटने लगे अध्यक्ष प्रत्याशी प्रमोद जैन ने इस टिकट के लिए जिला और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।