भास्कर न्यूज | सुकमा कांग्रेस ने जिले के दो नगरीय निकायों में आगामी होने वाले चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। सुकमा नपा परिषद और दोरनापाल नपं में अध्यक्ष व पार्षद उम्मीदवारों के चयन के लिए चुनाव समिति का गठन किया है। दोनों निकायों के लिए अलग-अलग टीम बनाई हैं। चुनाव समिति उम्मीदवारों के आवेदन लेकर इन्हें जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी, जिसे जिला कमेटी पीसीसी को भेजेगी। दोनों निकायों में कांग्रेस की नगर सरकार है। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने से चुनौतियां कम नहीं हैं। प्रत्याशी चयन के मामले में किसी ठोस आधार पर ही नाम आगे बढ़ाया जाएगा। 10 दिसंबर को पूर्व मंत्री व कोंटा विधायक कवासी लखमा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष माहेश्वरी बघेल ने अध्यक्ष व पार्षद उम्मीदवारों के चयन के लिए समिति बनाई। इसमें सुकमा नपा के लिए जिपं अध्यक्ष हरीश कवासी को संयोजक बनाया है। वहीं इसमें सुकालूराम नाग, वेको हुंगा, शेख सजार, सुनील यादव, सोनूराम नाग, मनोज चौरसिया, रमेश्वर राठी, मोहम्मद अनवर, अलफ्रेड सुना, निशिकांत सरकार और शेख गुलाम मुर्तजा को सदस्य के रूप में शामिल किया है। वहीं दोरनापाल नपं के लिए जिपं उपाध्यक्ष बोड्डू राजा को संयोजक और माड़वी देवा, सोयम मंगम्मा, मड़कम देवा, करतम मुया, सोड़ी जोगा, राजेन्द्र वर्मा, लक्ष्मण यादव, सुखराम यादव, सुरेश चौहान व रवि मंडल को सदस्य बनाया है। सुकमा में 13401 तो दोरनापाल में 3898 मतदाता: इधर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदाता सूची तैयार कर ली है। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी कर लिया है। इसके तहत नपा सुकमा के 15 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 13401 है। इसमें 6836 महिला और 6565 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वहीं दोरनापाल नपं के 15 वार्डों में कुल 3898 मतदाता हैं, जिसमें 2056 महिला और 1842 पुरुष मतदाताहैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *