अंबिकापुर नगर निगम के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की करोड़पति हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए गए शपथ पत्र में डॉ. अजय तिर्की ने स्वयं और परिवार को मिलाकर 22 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। वहीं भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत ने स्वयं के पास बैंक में जमा राशि और नकदी मिला कर 2.65 लाख रुपए, 2 लाख रुपए का जेवरात होना बताया है। मंजूषा भगत ने परिवार की कुल संपत्ति 40 लाख घोषित की है। अंबिकापुर नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी सहित वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के साथ सभी प्रत्याशियों ने शपथ पत्र जमा कर संपत्ति घोषित की है। अजय तिर्की तीसरी बार मैदान में नगर निगम अंबिकापुर के महापौर प्रत्याशी डॉ.अजय तिर्की सरकारी नौकरी छोड़ कर राजनीति में आए हैं। उन्होंने सालों तक रामानुजगंज बीएमओ और अंबिकापुर जिला अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ के पद पर पदस्थ रहे। लगातार दो बार अंबिकापुर के महापौर रहे डॉ तिर्की तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वे संजीवनी हॉस्पिटल के संचालक भी हैं। 22 करोड़ की संपत्ति, 8 करोड़ का लोन डॉ. अजय तिर्की ने शपथ पत्र में स्वयं के पास एक लाख 25 हजार रुपए नकद, बैंक खातों में 18 लाख 60 हजार रुपए जमा बताया है। अचल संपत्ति में डॉ. तिर्की के नाम पर 80 लाख रुपए से अधिक कीमत की कृषि भूमि, अंबिकापुर में 92 लाख 60 हजार रुपए की भूमि, फुंदुरडिहारी में 17 लाख 96 हजार की भूमि और 4 करोड़ रुपए का मकान घोषित किया है। डॉ. अजय तिर्की ने नमनाकला में 10 करोड़ 98 लाख रुपए की जमीन होना बताया है। कुल अचल संपत्ति का मूल्य 16 करोड़ 88 लाख रुपए बताया गया है। डॉ. तिर्की के पास फोर्ड इंडिवर वाहन है। डॉ. तिर्की की पत्नी और बच्चों के नाम पर अच-अचल संपत्ति नहीं है। 8 करोड़ रुपए का बैंक लोन भी डॉ अजय तिर्की की देनदारी में 8 करोड़ रुपए की राशि बैंकों का बकाया है। यह राशि उन्होंने हॉस्पिटल निर्माण के लिए बैंक से लोन में लिया था। उन्हें बैंकों को 7 करोड़ 97 लाख रुपए अदा करना शेष है। डॉ. तिर्की के नाम पर कोई FIR दर्ज नहीं है और न ही कोई प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। मंजूषा भगत की संपत्ति 21 लाख भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत ने स्वयं की संपत्ति 21 लाख रुपए और करीब 20 लाख रुपए पति की संपत्ति घोषित की है। मंजूषा भगत के पास नकदी रकम ढाई लाख रुपए है। बैंक खातों में 15 हार 680 रुपए जमा हैं। करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर हैं। उनके नाम पर पटपरिया में कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 18 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। मंजूषा भगत के पति के बैंक खाते में 19 लाख 33 हजार रुपए जमा हैं। इसके अलावे पति या खुद के नाम पर कोई आवासीय भूमि और न ही बैंक लोन है। मंजूषा भगत के पास स्वयं की चारपहिया वाहन भी नहीं है। शपथ पत्र में शिक्षा बारहवीं, प्रोफाइल में बीए मंजूषा भगत ने शपथ पत्र में स्वयं की शिक्षा बारहवीं बताई है। भाजपा कार्यालय द्वारा जारी प्रोफाइल में उनकी शिक्षा बीए, एलएलबी बताया गया है। मंजूषा भगत ने एलएलबी पूरा नहीं किया है। मार्कशीट की अनुपलब्धता के कारण संभवतः उन्होंने स्नातक डिग्री शपथ पत्र में नहीं लिखा है। एक साल में संपत्ति न बढ़ी, न घटी डॉ. अजय तिर्की ने दिसंबर 2023 में रामानुजगंज से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति 21 करोड़ 97 लाख रुपए घोषित की थी। एक वर्ष बाद उन्होंने कुल संपत्ति 22 करोड़ रुपए घोषित की है। विधानसभा चुनाव के दौरान बैंक बकाया 8 करोड़ 25 लाख रुपए बताया गया था जो अब घटकर 7 करोड़ 97 लाख रुपए हो गया है।