भास्कर न्यूज | महासमुंद महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यालयीन समय से 5 मिनट पहले सुबह 9.55 बजे पहुंचकर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रजिस्टर लेकर स्वयं सभी अधिकारी कर्मचारियों की हाजिरी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। इस दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों में मुख्य लिपिक एलआर तारम, वरिष्ठ लेखा परीक्षक एसजे कुरैशी, सहायक ग्रेड 1 चैन सिंह दीवान, सहायक ग्रेड 2 मनोज पुरी गोस्वामी और डाटा एंट्री ऑपरेटर श्याम लाल साहू शामिल हैं। कार्यालयीन समय में नहीं आने पर कलेक्टर लंगेह ने अनुपस्थित कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में कभी भी इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकतानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी बीआर सावंत को कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने और सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ एस आलोक मौजूद रहे।