शंकरगढ़ में तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर का शुभारंभ, एक ही स्थान पर मिली विभिन्न शासकीय सेवाएं

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विकास के विश्वास” जनकल्याण अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण एवं जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराया।

शिविर में महिला एवं बाल विकास, कृषि, राजस्व, श्रम, समाज कल्याण तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना एवं आधार संबंधी आवेदनों का पंजीयन किया, वहीं कृषि विभाग ने किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन कर उन्हें डिजिटल कृषि सेवाओं से जोड़ने की पहल की।
राजस्व विभाग को आय, निवास और जाति प्रमाण-पत्र सहित नामांतरण संबंधी आवेदन प्राप्त हुए, जबकि श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी की। समाज कल्याण विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा खाद्य विभाग ने राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों का पंजीयन किया। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनकल्याण शिविर इस उद्देश्य को पूरा करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

प्रदेश में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता एवं सहजता से मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *