मुंगेली जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सारंगपुर में 23 जुलाई 2025 को परिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी और पिता पर भी जानलेवा हमला किया। रमेश कोशले ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके चाचा समारू कोशले की पत्नी देवकी बाई की हत्या उनके बेटे दिनेश कोशले ने कर दी। आरोपी ने परिवारिक विवाद के चलते आक्रोश में आकर अपनी मां के सिर पर किसी ठोस वस्तु से कई वार किए। इसके बाद उसने अपने पिता समारू कोशले पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग क्रमांक 21/2025 धारा 194 बीएनएसएस पंजीबद्ध किया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 38/2025 धारा 103(1), 109(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी दिनेश कोशले को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान 34 वर्षीय आरोपी दिनेश ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि परिवारिक विवाद के कारण वह माता-पिता से नाराज था। आक्रोश में आकर उसने बिस्तर पर सो रही अपनी मां के सिर पर लकड़ी के बत्ते से कई वार किए और उसके बाद पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और लकड़ी के बत्ते को जब्त कर लिया है। आरोपी दिनेश कोशले को 24 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।