छत्तीसगढ़ की सियासत में इस वक्त प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई की चर्चा है। क्योंकि ED ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को इसे लेकर एक कार्टून भी भाजपा ने जारी किया। दरअसल शुक्रवार को जब बघेल के बेटे को पकड़ा गया तो उस दिन उसका जन्मदिन था। अब प्रदेश में इसे लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है। बीजेपी पर आरोप लगाया जा रहा है कि, जानबूझकर भूपेश बघेल के खिलाफ ED की मदद से ऐसी कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और पूर्व मंत्री ने शनिवार को इस मामले में बयान दिए। भाजपा और कांग्रेस के सभी बड़े नेता इस पूरे मामले को लेकर अब आमने-सामने हैं। कांग्रेस का ये है आरोप कांग्रेस पार्टी की ओर से ED के एक्शन के बाद कहा गया कि, मोदी-विष्णु की जोड़ी ने लोकतंत्र को शर्मसार करने का काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर दबाव बनाने और विपक्ष की आवाज को दबाने उनके बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी की गई है। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा के सत्ता में बने रहने का एक हथकंडा बन चुका है। लेकिन, जो घटना छत्तीसगढ़ में घटी है यह प्रदेश की राजनीति में कभी नहीं हुआ। अपने अहंकारी रवैए से छत्तीसगढ़ के वातावरण को दूषित करने और प्रदेश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को खंडित करने का भाजपा का यह कुत्सित प्रयास जनता के सामने है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। अब जानिए किसने क्या कहा ? मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- ED किसी पर ऐसे ही कार्रवाई नहीं करती है, बहुत सोच समझ कर ही कार्रवाई करती है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं का आरोप निराधार और बेबुनियाद है, करोड़ों का शराब घोटाला पूरे छत्तीसगढ़ को पता है जांच एजेंसी ने कोई पहली बार कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस नेता केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहे है, भ्रम फैलाया जा रहा है, जो इनकी सबसे सरल पॉलिटिकल रेसिपी है। प्रदेश में शराब घोटाले की जानकारी आम लोगों तक पहुंच चुकी थी। प्रदेश में दो काउंटर लगाकर शराब बेची जा रही थी। वन मंत्री केदार बोले- सरकार किसी भी तरह के दबाव में नहीं है। ये कांग्रेस की सरकार नहीं है। ED अपनी कार्रवाई कर रही है, ED सरकार के कहने पर नहीं चलती। इससे पहले भी उनसे पूछताछ हुई थी, वे शक के दायरे में हैं। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर बोले- कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पेड़ कटाई का मुद्दा बघेल विधानसभा में उठाने वाले थे, इसलिए ED की कार्रवाई हुई, इसके जवाब में चंद्राकर ने कहा- ED अपने तर्क और तथ्यों पर काम करती है, विधानसभा की कार्यसूची देखकर काम नहीं करती है। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बोले- पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ की गई ईडी की कार्रवाई भाजपा का राजनैतिक षड़यंत्र है। ये छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटने वालों और छत्तीसगढ़ की संपदा को बचाने वालों की लड़ाई है। ईडी की टीम पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के निवास पर पहुंचना। उनके बेटे की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध है, जो साफ दिख रहा है। अगर भाजपा यह सोच रही है कि कांग्रेस को डराया या रोका जा सकता है, तो यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। अब कांग्रेस चक्का-जाम करेगी कांग्रेस ने अब तय किया है कि इस मामले में पूरे प्रदेश में चक्का जाम होगा। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बैठक हुई। तय हुआ कि प्रदेश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों, जिलों, प्रमुख शहरों के मुख्य मार्गों में 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चक्का जाम कर अडाणी के लूट के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *