जिले में मनाया गया किसान सम्मान समारोह
गरियाबंद 25 फरवरी 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 24 फरवरी 2025 को भागलपुर बिहार से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त की राशि जारी किया गया। इस दिवस को किसान सम्मान समारोह के रूप में मनाया गया। जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं विभिन्न ग्राम पंचायत स्तर पर भी किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उप संचालक कृषि एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के समन्वय से कृषि विज्ञान केन्द्र, जिला-गरियाबंद के सभाकक्ष में किया गया। जिसमें भागलपुर में हुए वृहद कार्यक्रम का वेब प्रसारण किया गया। जिसमें क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को आमंत्रित किया गया था। उप संचालक कृषि श्री चंदन कुमार रॉय द्वारा कार्यक्रम के दौरान किसानो को प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना एवं पीएम पोर्टल पर उपलब्ध केवाइसी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दिया गया। ताकि लाभार्थी कृषक स्वतः ही जांच कर जानकारी प्राप्त कर सकें। उक्त कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र गरियाबंद के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मनीष चौरसिया, वैज्ञानिक श्री मनीष आर्या एवं श्री तुषार मिश्रा द्वारा उन्नत कृषि तकनीक, कीट-व्याधि नियंत्रण, रासायनिक कीटनाशकों से होने वाले नुकसान, जैविक खेती एवं फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक उपस्थित कृषकों को जानकारी दिया गया।
उक्त कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिले के एक लाख 4 हजार 811 किसानों को 19वीं किस्त के रूप में 23 करोड़ 3 लाख रूपये उनके खातों में हस्तांतरित किया गया। पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत पुरे देश के 9.80 करोड़ से अधिक लाभार्थी कृषकों को 22 हजार करोड़ से अधिक की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से किसानों के खातों में हस्तांतरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को संम्बोधित करते हुए उप संचालक कृषि श्री चंदन कुमार रॉय के द्वारा धान के स्थान पर दलहन तिलहन मक्का एवं अन्य फसलों के उत्पादन हेतु प्रोत्साहित किया गया साथ ही जैविक खेती अपनाकर मृदा एवं पर्यावरण स्वास्थ्य के प्रबंधन अपनाने हेतु कृषकों से अपील किया गया। किसान सम्मान समारोह कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिले के 2000 से अधिक किसान तथा जिला, विकासखंड एवं ग्रामीण स्तर के अधिकारी कर्मचारी व किसान मित्र उपस्थित रहे।