बलौदाबाजार-भाटापारा की दो सिंचाई योजनाओं के लिए 5.24 करोड़ रुपये मंजूर

रायपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की दो सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 5 करोड़ 24 लाख 23 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस राशि से बांध और जलाशय के जीर्णोद्धार के साथ नहरों की लाइनिंग का काम किया जाएगा।

मोहतरा टार बांध योजना के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 27 लाख 88 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना का काम पूरा होने के बाद करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

इसी तरह बिटकुली जलाशय योजना के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 96 लाख 35 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। कार्य पूर्ण होने पर 134 हेक्टेयर क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

जल संसाधन विभाग के मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को स्वीकृति आदेश जारी किया गया है।

दोनों योजनाओं के पूरा होने से जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों को बेहतर जल उपलब्धता का लाभ मिलने की उम्मीद है।