बलौदाबाजार में गणतंत्र दिवस पर महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद चौधरी ने जनता के नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश पढ़ा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान शाल और श्रीफल भेंटकर किया। साथ ही, शासकीय योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 54 शासकीय कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में अलग अलग विभागों की झांकी निकाली गई और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस साल पहली बार आयोजित डॉग शो में जर्मन शेफर्ड ‘कोका’ के प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सांसद ने राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। समारोह में हर्षोल्लास के प्रतीक के रूप में रंगीन गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए। कार्यक्रम में जिला पुलिस बल की दो टुकड़ियां, महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड और रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर और मेघनाथ बंजारे के नेतृत्व में परेड का आयोजन किया गया।